गोरखपुर। 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश गुनावत ने गुरुवार को गोरखपुर के पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस ऑफिस पहुंचने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की और उत्तरी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति तथा पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी ली।
इससे पहले बुधवार को उन्होंने मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में जिम्मेदारी संभाली थी। वीआईपी ड्यूटी पूरी करने के बाद गुरुवार को उन्होंने पुलिस ऑफिस पहुंचकर एसपी उत्तरी का पदभार ग्रहण किया।
कार्यभार संभालने के बाद राजेश गुनावत ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों, थानों की व्यवस्था और अपराध की स्थिति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
एसपी उत्तरी की प्राथमिकताओं में अपराध नियंत्रण के साथ साइबर अपराध की रोकथाम भी शामिल रहेगी। ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल पर जोर दिया जाएगा। साथ ही आम लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।
राजेश गुनावत इससे पहले मुजफ्फरनगर और फिरोजाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। फिरोजाबाद में तैनाती के दौरान साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच और तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल पर भी काम किया। मूल रूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले राजेश गुनावत ने बीटेक (पेट्रोलियम इंजीनियरिंग) की शिक्षा प्राप्त की है।
नई जिम्मेदारी के तहत उत्तरी क्षेत्र में अपराधियों पर निगरानी, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध की रोकथाम, जनसुनवाई और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
