×

जनगणना-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 जनगणना-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
 जिला स्तर से लेकर गणनाकारों के प्रशिक्षण तक समयबद्ध तरीके से पूरा होगा काम, हर क्षेत्र की जिम्मेदारी होगी तय

गोरखपुर। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जनगणना कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, जिला एवं चार्ज अधिकारियों के प्रशिक्षण, फील्ड ट्रेनरों की तैयारी तथा गणनाकारों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण को महज औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। कर्मचारियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि फील्ड में कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

डीएम ने कहा कि पहले जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। इसके बाद फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से गणनाकारों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाए। प्रशिक्षण में जनगणना प्रपत्रों, डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने की प्रक्रिया, क्षेत्रवार जिम्मेदारियों और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाए।

हर क्षेत्र की जिम्मेदारी होगी स्पष्ट

जिलाधिकारी ने क्षेत्रवार कार्यक्षेत्र के आवंटन और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र की सीमा स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि गणना के दौरान भ्रम की स्थिति न बने और कोई क्षेत्र छूटने की संभावना न रहे। पर्यवेक्षकों को अपने अधीन गणनाकारों के कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनगणना कार्य के दौरान संभावित रूप से छूटने वाले क्षेत्रों और परिवारों को कवर करने के लिए मॉप-अप योजना पर भी चर्चा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि ऐसी व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए, जिससे किसी कारणवश छूटे क्षेत्र, परिवार या आवश्यक जानकारी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरा किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को सभी चरणों की नियमित समीक्षा करने और तकनीकी या प्रशासनिक समस्या सामने आने पर तत्काल समाधान कराने को कहा। डीएम ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधार होंगे। ऐसे में आंकड़ों की शुद्धता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

बैठक में एडीएम वित्त/उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, अपर आयुक्त नगर निगम प्रमोद कुमार, तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता समेत जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story