त्योहारों को लेकर अलर्ट पुलिस प्रशासन, एसएसपी ने गोरखनाथ क्षेत्र में की पैदल गश्त
गोरखपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने मंगलवार को गोरखनाथ थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान एसएसपी ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने पर जोर दिया।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने को कहा।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
