पिपराइच में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, शादी के दो माह बाद फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर। जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के खुरहूरिया गांव में शादी के महज दो माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह महिला का शव घर में फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतका मुस्कान, पत्नी जितेंद्र, की शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद की जानकारी मिलने पर मुस्कान की मां ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया था।
हालांकि, रविवार सुबह करीब आठ बजे मुस्कान के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुस्कान की मां का कहना है कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी को सास कौशल्या, पति जितेंद्र और देवर दीपक द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर मुस्कान ने यह कदम उठाया। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे परिजन
घटना के बाद आक्रोशित परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शव के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। साथ ही, मायके पक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
