पतंजलि परिवार के योग महोत्सव का शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सेवरही स्थित ब्याहुत जायसवाल धर्मशाला में पतंजलि परिवार द्वारा आयोजित योग महोत्सव एवं योग शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओम फिटनेस योग संस्थान के संस्थापक धर्मेंद्र प्रजापति उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में धर्मेंद्र प्रजापति ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और आयुष मंत्रालय द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा अभियान सराहनीय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर वर्षभर अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कराया गया। साथ ही प्रतिभागियों को विशेष योग क्रियाओं, आयुर्वेदिक जीवनशैली तथा प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। योगाभ्यास से उपस्थित लोगों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
धर्मेंद्र प्रजापति ने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारत की प्राचीन योग परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने योग को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों की भी सराहना की।
योग शिविर में 50 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को निशुल्क ग्रीन जूस वितरित किया गया। योगी धर्मेश्वर ने आयोजन समिति एवं पतंजलि परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग स्वस्थ, निरोग और खुशहाल जीवन की कुंजी है तथा इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन गुरु शरण जी ने किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
