विश्व युवा कौशल दिवस पर गोरखपुर में लगा रोजगार मेला, 317 युवाओं को मिली नौकरी
गोरखपुर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग द्वारा मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चरगांवा में बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जहां विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
रोजगार मेले का शुभारंभ स्थानीय विधायक महेंद्र पाल सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे रोजगार मेले शिक्षित युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
इस मेले में टाटा मोटर्स, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), डिजिटेल सहित 11 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। करीब 1200 शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने रोजगार मेले में भाग लिया, जिनमें से 1085 अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया गया।
आयोजन के दौरान 735 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 317 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए चयनित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 18 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पर जॉब ऑफर दिए गए।
विधायक महेंद्र पाल सिंह ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि कौशल विकास मिशन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को लगातार विकसित करने और रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक गोरखपुर मंडल एस.एन. राम, जिला समन्वयक एवं प्रधानाचार्य संतोष कुमार श्रीवास्तव, जिला कौशल प्रबंधक शशिकांत मौर्य, विक्रांत त्रिपाठी, आईटीआई प्रधानाचार्य रामानुज यादव सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
