पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कार्यकर्ताओं ने लिया सेवा का संकल्प
गोरखपुर। भाजपा शक्ति केंद्र हरपुर के तत्वावधान में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उनके अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, राष्ट्रसेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और समाज के जरूरतमंद एवं अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सेवा और सहयोग पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शक्ति केंद्र प्रभारी प्रहलाद यादव, शक्ति केंद्र संयोजक रमेश चंद्र पांडेय, बूथ अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शुक्ल, भवानी प्रसाद शुक्ल, शैलेश शुक्ल, गोपाल दास, संजय पासवान समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
