दोस्त की मां की सलाह पर नकाब पहनकर करते थे चोरी, दो शातिर चोर गिरफ्तार
गोरखपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 22 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, नौ सफेद धातु के सिक्के तथा एक सफेद धातु का टुकड़ा बरामद किया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। आरोपियों ने बताया कि पहचान छिपाने के लिए वे नकाब पहनकर चोरी करते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उन्हें ऐसा करने की सलाह उनके एक दोस्त की मां ने दी थी, ताकि वारदात के दौरान उनकी पहचान न हो सके।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी देर रात सुनसान दुकानों को निशाना बनाते थे। पहले वे दुकान के शटर या ताले तोड़ते और फिर अंदर घुसकर नकदी व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद सामान आपस में बांट लेते थे तथा कुछ सामान बेचकर पैसे हासिल करते थे।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने 11-12 जून, 13-14 जून तथा 14 जून की रात को अलग-अलग स्थानों पर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
