×

मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए : नवदीप रिणवा

मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए : नवदीप रिणवा

गोरखपुर। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने नहीं पाए। विशेष रूप से एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाना निर्वाचन विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिन पात्र नागरिकों के नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं, उन्हें सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

उन्होंने बताया कि 17 और 24 अक्टूबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष पुनरीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और पुनरीक्षण संबंधी प्रक्रियाओं के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहायता मिल सके। अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के भी निर्देश दिए गए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारी बीएलओ की उपस्थिति, शिविरों की तैयारियों और मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी मिलने पर उसे तत्काल दूर कराने को कहा गया है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आने वाले पात्र नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गोरखपुर से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा सहित जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने और विशेष पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने की हिदायत दी गई।

बैठक में ईआरओ पवन कुमार जायसवाल, सुदीप तिवारी, आलोक सिंह, मनीष कुमार, नमन मेहता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, ज्ञान प्रताप सिंह, रवि कुमार सिंह और ध्रुवेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निर्वाचन विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। ऐसे में 17 और 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this story