×

गुणवत्ता से समझौता नहीं! विश्व मानक दिवस पर विद्यार्थियों ने लोगों को किया जागरूक

गुणवत्ता से समझौता नहीं! विश्व मानक दिवस पर विद्यार्थियों ने लोगों को किया जागरूक

गोरखपुर। विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), लखनऊ शाखा कार्यालय की ओर से गुरुवार को मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में मानक कार्निवाल एवं ‘क्वालिटी रन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को उत्पादों की गुणवत्ता, आईएसआई मार्क, हॉलमार्क तथा मानकीकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन में सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक एवं शाखा प्रमुख पीयूष महादेव तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली मुरारी इंटर कॉलेज से शुरू होकर सहजनवां थाना चौराहा, मुख्य बाजार और तहसील रोड से गुजरते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने नारों के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के चयन और मानक चिह्नों की पहचान के प्रति जागरूक किया। ‘आईएसआई मार्क है तो गुणवत्ता है’, ‘हॉलमार्क है तो शुद्धता है’ और ‘जागो ग्राहक जागो’ जैसे नारों से बाजार क्षेत्र में उपभोक्ता जागरूकता का संदेश दिया गया।

रैली के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की ओर से पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी लगाई गई। इसके माध्यम से उत्पादों की गुणवत्ता, मानकीकरण और उपभोक्ताओं के अधिकारों से संबंधित जानकारियां प्रस्तुत की गईं। मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि विधायक प्रदीप शुक्ला ने विद्यार्थियों की सहभागिता को जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। वहीं, कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मानक चिह्नों की उपयोगिता समझाने के साथ खरीदारी के दौरान उत्पादों की गुणवत्ता पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर सहजनवां नगर पंचायत अध्यक्ष संजू सिंह, विद्यालय प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह और पूर्व चेयरमैन नागेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की उप प्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, प्रवक्ता संतोष कुमार, ज्ञान प्रकाश सिंह, जयराज सिंह और प्रतिभा सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से निदेशक ऋत्विक आनंद, उपनिदेशक जितेश कुमार, उपनिदेशक आशुतोष राय तथा मानक संवर्धन अधिकारी मोहित सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। आयोजन के जरिए विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप उत्पादों के उपयोग का संदेश पहुंचाया गया।

Share this story