×

शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मंडलायुक्त

शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मंडलायुक्त

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने आयुक्त सभागार में प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रत्येक चुनाव संवेदनशील प्रक्रिया होती है, इसलिए निर्वाचन से संबंधित छोटी से छोटी बात को भी गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से समय-समय पर प्राप्त होने वाले निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर समस्या अथवा भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन प्रक्रिया मंडलायुक्त न्यायालय में संपादित होगी। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ अधिकतम चार व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति होगी। मंडलायुक्त ने नामांकन सहित निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं को बेहतर और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के बाद मतगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।

बैठक के बाद मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने वहां प्रस्तावित मतगणना स्थल और स्ट्रांग रूम की तैयारियों का मौके पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

मंडलायुक्त ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूरे कर लिए जाएं। साथ ही मतगणना स्थल पर अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसपी सिटी निमिष पाटील,ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकूल खंडेलवाल अपर आयुक्त प्रशासन, अपर आयुक्त न्यायिक जय प्रकाश एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार एडीएम वित्त जय प्रकाश जीडीए सचित प्रखर ऊतम तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story