आईजीएल में एनडीआरएफ ने दिया प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
सहजनवा, गोरखपुर। इंडिया ग्लाईकॉल्स लिमिटेड (आईजीएल) की गोरखपुर इकाई में कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) द्वारा प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी और सुरक्षित तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ के निरीक्षक सुधीर कुमार ने दुर्घटना, आग लगने, बेहोशी, हृदयाघात, रक्तस्राव, हड्डी टूटने सहित विभिन्न आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार की विधियों की जानकारी दी।
इसके साथ ही भूकंप, अग्निकांड तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एनडीआरएफ टीम ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया और कर्मचारियों को सुरक्षित तरीके से उनसे निपटने के उपाय समझाए।
प्रशिक्षण के दौरान आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, समय पर सूचना देने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।

आईजीएल के सहायक महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन दशरथ मिश्रा ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाते हैं।
क्रम में अजीत गुप्ता, रणधीर सिंह, सब्बीर अहमद सहित अन्य कर्मयोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आईजीएल की सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने और कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
