प्रयागराज में सेना को समर्पित जल तिरंगा यात्रा संगम में राष्ट्रीय राज्य स्तरीय तैराकों ने लहराया तिरंगा

प्रयागराज। प्रयागराज में तिरंगा यात्रा का एक अनोखा आयोजन देखने को मिला। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में जल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस विशेष यात्रा में सैकड़ों राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय तैराक शामिल हुए। तैराकों ने जल में तिरंगा थामे हुए भारत माता की जय और सेना के जयकारे लगाए। पुरुष तैराकों के साथ महिला तैराक भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं। यह आयोजन भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और समर्पण को समर्पित था।
महिला तैराकों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' से प्रेरणा लेकर इस साहसी यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जैसे जमीन और आकाश में तिरंगा यात्रा निकाली जाती है, वैसे ही जल में भी यह अनूठी पहल की गई।
सभी तैराकों ने स्वीकार किया कि पानी में तिरंगा यात्रा निकालना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन देशभक्ति की भावना ने उन्हें प्रेरित किया। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने जोश और गर्व से तिरंगा लहराया।
प्रयागराज की इस जल तिरंगा यात्रा ने साबित किया कि देशभक्ति का प्रदर्शन किसी भी माध्यम से किया जा सकता है। यह यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण का एक अनूठा उदाहरण बन गई।