गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को नगर निगम परिसर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर आयुक्त अजय जैन ने सुबह नौ बजे नगर निगम भवन पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपसभापति पूनम सिंह, पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
इसके बाद महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने रानी लक्ष्मीबाई पार्क में पौधारोपण किया। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर निगम सदन हाल में आयोजित समारोह में भी दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को याद किया गया।

समारोह में एडी कन्या इंटर कॉलेज की एनसीसी कैडेट छात्राओं और शिक्षिका ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ तथा ‘साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल’ भजन प्रस्तुत किए। इससे कार्यक्रम का वातावरण भावपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, उपसभापति पूनम सिंह और नगर आयुक्त अजय जैन ने गांधी और शास्त्री के विचारों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्मठता और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने गांधी जी के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान का उल्लेख करते हुए बिहार के नील आंदोलन और नमक आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने किसानों के शोषण के खिलाफ आवाज उठाई और सत्य-अहिंसा के माध्यम से व्यापक जनजागरण किया। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण और जरूरतमंदों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की भावना पर भी जोर दिया।
गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता को विशेष प्राथमिकता दी गई। नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। घर, बाजार और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम कर्मचारियों और सफाई मित्रों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शहर की स्वच्छता में उनके योगदान और सेवाभाव की सराहना की गई।
समारोह में नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अतुल कुमार, प्रमोद कुमार, महाप्रबंधक जलकल रघुवेन्द्र कुमार, उपसभापति पूनम सिंह, पार्षद अजय राय, देवेन्द्र कुमार गौड़, समद गुफरान, श्रवण पटेल सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पार्षद मौजूद रहे।
