×

बीआरसी पाली में गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

बीआरसी पाली में गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

घघसरा। विकास खंड पाली स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के सभी कंपोजिट एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के दो-दो विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साह और एकाग्रता के साथ गणितीय प्रश्नों को हल कर अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित विषय के प्रति रुचि विकसित करने के साथ गणितीय अवधारणाओं की समझ मजबूत करना और उनकी तार्किक एवं बौद्धिक क्षमता का विकास करना था। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सवालों को हल किया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी हरिगोविंद सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ गणित जैसे विषयों के माध्यम से बच्चों में तार्किक क्षमता विकसित करना भी बेहद आवश्यक है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के बल पर विद्यालय, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक राजेश सिंह, प्रेम नारायण चौबे, अरविंद सरोज, दयाशंकर सिंह, अरविंद सिंह, वैभव राव, विजयपाल सिंह, देवव्रत सिंह, अभिनव मद्धेशिया, साबिर खान, प्रशांत पाठक, डेजी सिंह, अनुप्रिया श्रीवास्तव, निहारिका सिंह एवं सरोज गौतम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षकों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।

Share this story