प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में लुचुई विद्यालय के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
सहजनवां, गोरखपुर। विद्या भारती जन शिक्षा समिति गोरक्ष ग्रामीण की ओर से आयोजित प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में द्रौपदी देवी गीता देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लुचुई के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महर्षि अरविंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कसया, कुशीनगर में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य समेत कुल 28 पदक हासिल किए।
किशोर वर्ग में हिमांशु पासवान ने हैमर थ्रो में स्वर्ण पदक जीता। अंकित यादव ने ऊंची कूद में स्वर्ण, त्रिकूद में रजत और लंबी कूद में कांस्य पदक हासिल किया। विपिन यादव ने 200 मीटर दौड़ और तनय यादव ने चक्का फेंक में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं सुमीत यादव ने भाला फेंक और ऋषभ यादव ने गोला फेंक में रजत पदक जीता।
बालिका वर्ग में पल्लवी शर्मा ने भाला फेंक और रिले में स्वर्ण पदक हासिल किया। रागिनी यादव ने 800 मीटर दौड़ और रिले में स्वर्ण, जबकि अंशिका यादव ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। अंकिता पासवान ने हैमर थ्रो में रजत और रिले में स्वर्ण पदक हासिल किया।
तरुण वर्ग में शिवम यादव ने गोला फेंक और चक्का फेंक, सौरभ पांडेय ने हैमर थ्रो, अभिषेक यादव ने 200 मीटर दौड़ तथा आकाश यादव ने 400 मीटर दौड़ और 400 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीते। राहुल ने 100 मीटर दौड़ और रिले में रजत, अभिषेक ने 800 मीटर दौड़ और रिले में रजत, आकाश ने 5000 मीटर दौड़ में कांस्य तथा अनुराग सिंह ने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया।
विद्यालय के खेलकूद प्रमुख राम शब्द यादव ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत को दिया। विद्यालय के प्रबंधक विनोद कुमार अग्रवाल और प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्र समेत विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
