सैन्य कौशल के साथ व्यक्तित्व विकास की सीख, एनसीसी कैडेट्स को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
गोरखपुर(सहजनवा)। 44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गीडा में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-174) के दूसरे दिन कैडेट्स को शस्त्र संचालन और फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान कैडेट्स को .22 रायफल के विभिन्न भागों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें रायफल खोलने-जोड़ने, सुरक्षित तरीके से संचालन करने और निर्धारित पोजीशन में फायरिंग की तकनीक समझाई गई। प्रशिक्षकों ने हथियारों के रखरखाव, सुरक्षित उपयोग तथा फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा संगीन युद्ध (बायोनेट फाइटिंग) का प्रदर्शन कर कैडेट्स को इसकी कार्यप्रणाली, उद्देश्य और सैन्य प्रशिक्षण में इसके महत्व से अवगत कराया गया।

शस्त्र संचालन एवं फायरिंग प्रशिक्षण के बाद एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) की ओर से व्याख्यान सत्र आयोजित किए गए। इनमें कैडेट्स को एनसीसी के उद्देश्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। व्याख्यान सत्र का संचालन मेजर डीएन मौर्य एवं लेफ्टिनेंट सुभाष चंद्र ने किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण केवल सैन्य कौशल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से शिविर के प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में पूरे उत्साह, गंभीरता और सक्रियता के साथ भाग लेने का आह्वान किया, ताकि वे प्रशिक्षण के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारने के साथ जिम्मेदार नागरिक के रूप में भी विकसित हो सकें।
