×

गोरखपुर में भारतीय न्यूज एजेंसी का पोर्टल लॉन्च, कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पत्रकारों का हुआ सम्मान

गोरखपुर में भारतीय न्यूज एजेंसी का पोर्टल लॉन्च, कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पत्रकारों का हुआ सम्मान

गोरखपुर। भारतीय न्यूज एजेंसी (BNA) के नए न्यूज पोर्टल का शुभारंभ रविवार को गरिमामय समारोह के बीच किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संगठन के सदस्यों और पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय न्यूज एजेंसी के सदस्यों को आईडी कार्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं सदस्यता विस्तार अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

उदय रत्न सम्मान से जावेद खान, अंशुल वर्मा, वर्षा रावत और मोहम्मद साकिब को सम्मानित किया गया। प्रेरणा रत्न सम्मान जावेद खान और अंशुल वर्मा को दिया गया, जबकि उत्कृष्ट रत्न सम्मान से जावेद खान को नवाजा गया।

पत्रकार सुरक्षा कानून पर संगठन का विशेष जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय न्यूज एजेंसी का उद्देश्य पत्रकारों और समाज के बीच एक मजबूत संवाद स्थापित करना है। संगठन पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने के लिए जनसमर्थन जुटाने के साथ-साथ पत्रकारों को सुरक्षित और स्वतंत्र वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि संगठन अपने सदस्यों के लिए स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं में विशेष रियायत तथा अन्य कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयासरत है।

हर जिले तक होगा संगठन का विस्तार

भारतीय न्यूज एजेंसी ने अगले एक वर्ष में प्रत्येक जिले में अपनी कार्यकारिणी गठित करने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत विद्यालयों, अस्पतालों, ब्लड बैंकों, पैथोलॉजी लैब और कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थानों से समन्वय स्थापित कर सदस्यों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।

सदस्य सीधे पोर्टल पर प्रकाशित कर सकेंगे खबरें

संगठन की एक प्रमुख विशेषता यह भी बताई गई कि स्वतंत्र पत्रकार और सदस्य अपने समाचार सीधे भारतीय न्यूज एजेंसी के पोर्टल पर प्रकाशित कर सकेंगे। इससे स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच मिलेगा तथा निष्पक्ष और स्वतंत्र पत्रकारिता को नई मजबूती मिलेगी।

ये रहे प्रमुख अतिथि

कार्यक्रम में संरक्षक रत्नाकर सिंह, विधिक सलाहकार अधिवक्ता पूजा गुप्ता, शिक्षा सलाहकार शंखधर शुक्ला, चिकित्सा सलाहकार डॉ. आर. के. सिंह, डॉ. सौरभ पाण्डेय, ट्रस्टी सलोनी रावत तथा राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिलजीत कौर सहित कई गणमान्य अतिथि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में भारतीय न्यूज एजेंसी ने पत्रकारों, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों से संगठन के जनहित अभियान से जुड़कर स्वतंत्र, सुरक्षित और जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Share this story