×

सदर तहसील में 147 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, 10 मामलों का मौके पर निस्तारण

सदर तहसील में 147 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, 10 मामलों का मौके पर निस्तारण

गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 147 फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र दिए। इनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, नगर निगम, परिवार रजिस्टर, तालाब समेत विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर जांच की जाए और शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत दिलाने का प्रयास किया जाए।

जंगल बेनीमाधव नंबर-दो निवासी अमरनाथ पुत्र गौरी ने अपनी करीब 11 डिसमिल पुश्तैनी कृषि भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत की। प्रार्थना पत्र में उन्होंने आराजी संख्या 495 की भूमि पर कब्जे का आरोप लगाते हुए जांच कराकर भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भूमि पर जाने पर उनके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है। मामले में संबंधित अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

राप्तीनगर फेज-4 स्थित भाऊराव देवरस कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर ने खाली पड़े प्लॉट संख्या K-13 में जमा कूड़े और मकान के टूटे मलबे को हटवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 20 अगस्त को नगर आयुक्त को पत्र देने के बाद 10 सितंबर को रिमाइंडर भी दिया गया, लेकिन अब तक सफाई नहीं कराई गई। इससे कॉलोनी में गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है।

जंगल रानी सोहास कुंवरी टोला गड़वा निवासी सुजीत साहनी ने ग्राम सभा की भूमि पर स्थित पोखरे के पट्टे के आवंटन और सुंदरीकरण की मांग की। उनका कहना था कि करीब सात-आठ वर्षों से पोखरे का पट्टा नहीं होने के कारण उसकी स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने स्थलीय जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और पोखरे की सफाई व सुंदरीकरण कराने की मांग की।

इसी तरह पिपराइच क्षेत्र के अगया छोटा टोला निवासी सुनील सिंह ने परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2023 में हुई थी और उनके अनुसार उनकी पत्नी वर्तमान में दूसरे पति के साथ रह रही हैं। उन्होंने मामले की जांच कर परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने की मांग की।

समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता से परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता, नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह, आकांक्षा पासवान, निशांत मिश्रा, अन्नू सिंह, नीलम तिवारी, नेहा राय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this story