एक घंटे में पुलिस ने तलाश की चार वर्षीय मासूम, परिजनों को सौंपकर लौटाई खुशियां
गोरखपुर। सिकरीगंज कस्बे में शनिवार को परिजनों से बिछड़ी चार वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर सकुशल तलाश लिया। बच्ची को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किए जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सक्रियता की सराहना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को सिकरीगंज कस्बे में चार वर्षीय बालिका अचानक अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। बच्ची को अकेले देखकर इसकी सूचना थाना सिकरीगंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ ही बालिका से उसके परिवार के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पुलिस की सक्रियता और समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप महज एक घंटे के भीतर बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत व्यक्त करते हुए सिकरीगंज पुलिस का आभार जताया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
इस सराहनीय कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक ज्योति यादव, हेड कांस्टेबल रवि शंकर सिंह, महिला कांस्टेबल मालती मझवार एवं कांस्टेबल विश्लेंद्र कुमार शामिल रहे।
