×

स्वास्थ्य के प्रति आईजीएल की पहल, कर्मचारियों को मिला विशेषज्ञ परामर्श

स्वास्थ्य के प्रति आईजीएल की पहल, कर्मचारियों को मिला विशेषज्ञ परामर्श
आईजीएल में मेडिकल, नेत्र व दंत चिकित्सा शिविर, कर्मचारियों ने उठाया लाभ

गोरखपुर। इंडिया ग्लाईकॉल्स लिमिटेड (आईजीएल) के गोरखपुर परिसर में कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क मेडिकल, नेत्र एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन संगम सुपर स्पेशियलिटी आई हॉस्पिटल एवं सिटी डेंटल हॉस्पिटल के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ संगम सुपर स्पेशियलिटी आई हॉस्पिटल के हेड डॉ. वाई. सिंह एवं सिटी डेंटल हॉस्पिटल के डॉ. आशीष प्रताप मल्ल ने फीता काटकर किया। इस दौरान आईजीएल के प्लांट हेड शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एजीएम (एचआर एवं एडमिन) दशरथ मिश्रा, एसोसिएट मैनेजर (एडमिन) अखिलेश कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कमलेश कुमार सिंह ने की।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कर्मचारियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र परीक्षण और दंत चिकित्सा संबंधी परामर्श एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराईं। कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर डॉ. वाई. सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति आईजीएल प्रबंधन की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर कर्मचारियों को समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कराने और नियमित जांच के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आईजीएल के प्लांट हेड शैलेन्द्र कुमार पांडेय एवं एजीएम (एचआर एवं एडमिन) दशरथ मिश्रा ने कर्मचारियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही संस्थान की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए डॉ. वाई. सिंह एवं डॉ. आशीष प्रताप मल्ल को आईजीएल प्रबंधन की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रमाण-पत्र प्लांट हेड शैलेन्द्र कुमार पांडेय एवं एजीएम दशरथ मिश्रा ने प्रदान किया।

कार्यक्रम में संगम सुपर स्पेशियलिटी आई हॉस्पिटल के मार्केटिंग मैनेजर संदीप त्रिपाठी, सिटी डेंटल हॉस्पिटल के डॉ. मनीष सिंह एवं उनकी टीम के अलावा आईजीएल से अमित कश्यप, धीरेन्द्र पांडेय, शब्बीर अहमद, सुभाष कश्यप सहित अन्य कर्मयोगी उपस्थित रहे।

आईजीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Share this story