Gorakhpur News: आईजीएल में फायर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन, एथेनॉल टैंक में आग लगने की स्थिति का किया गया अभ्यास
गोरखपुर। औद्योगिक सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गीडा स्थित इंडिया ग्लाईकॉल्स लिमिटेड (आईजीएल) में व्यापक फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान एथेनॉल टैंक में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर आपदा प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल का आयोजन आईजीएल के बिजनेस हेड एस.के. शुक्ल के मार्गदर्शन एवं प्लांट हेड शैलेन्द्र पांडेय के नेतृत्व में किया गया। जैसे ही इमरजेंसी सायरन बजा, कंपनी की इमरजेंसी रिस्पांस टीम कुछ ही सेकंड में मौके पर पहुंच गई और आग पर नियंत्रण की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद दमकल टीम ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया।
इस अभ्यास में एचपीसीएल, वरुण बेवरेजेज, अंकुर इंडस्ट्री और टोरेंट गैस के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रिया का अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान गीडा के फायर ऑफिसर सरोज सिंह ने आईजीएल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी के पास आधुनिक अग्निशमन संसाधन उपलब्ध हैं और जरूरत पड़ने पर पड़ोसी उद्योगों की मदद के लिए भी तत्पर रहती है। उन्होंने उद्योगों के बीच आपसी सहयोग को औद्योगिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मॉक ड्रिल का संचालन असिस्टेंट मैनेजर फायर एंड सेफ्टी रणधीर सिंह ने किया। कार्यक्रम एचआर एवं एडमिन हेड दशरथ मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर फायर ऑफिसर सरोज सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में मैनेजर फायर एंड सेफ्टी अजीत गुप्ता, एसोसिएट मैनेजर एडमिन अखिलेश कुमार शुक्ला, एसोसिएट मैनेजर एचआर अमित कश्यप, भगवान सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
