गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी ने दिखाई हरी झंडी
गोरखपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारंभ सोमवार को गोरखपुर में हुआ। नगर निगम स्थित लक्ष्मीबाई पार्क से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

लक्ष्मीबाई पार्क से रेलवे स्टेशन तक निकली तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू होकर काली मंदिर, गोलघर होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंची। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस यात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर की सड़कों पर देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और तिरंगा यात्रा पर पुष्प वर्षा कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
16 स्थानों पर हुआ स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में करीब 16 स्थानों पर विभिन्न संगठनों और संस्थाओं की ओर से यात्रा का स्वागत किया गया। नगर निगम, गोलघर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग यात्रा के स्वागत के लिए मौजूद रहे। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय सहित सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘हर घर तिरंगा’ राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाएं तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को और मजबूत करने में योगदान दें।

चप्पे-चप्पे पर रही कड़ी सुरक्षा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और तिरंगा यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रही और चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी मुस्तैद नजर आए। वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की।
एडीजी जोन, डीआईजी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, नगर आयुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष, सीडीओ, एसपी सिटी, एसपी नॉर्थ, एडीएम सिटी, सीआरओ, एडीएम प्रशासन, अपर नगर आयुक्त, एसडीएम सदर और तहसीलदार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा गैर जनपदों से आए पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था।
प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुलिस की मुस्तैदी के बीच तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के भव्य आगाज ने शहरवासियों में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का नया संचार किया है। आने वाले दिनों में अभियान के और व्यापक रूप लेने की उम्मीद है।
