×

गोरखपुर सदर के नए एसडीएम बने ज्ञान प्रताप सिंह, पदभार संभालते ही न्यायिक व्यवस्था में तेजी के दिए निर्देश

गोरखपुर में 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी ज्ञान प्रताप सिंह ने सदर एसडीएम का पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अपील वाली फाइलों का दो दिन में निस्तारण प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

गोरखपुर। गोरखपुर में प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी ज्ञान प्रताप सिंह को सदर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने उनकी प्रशासनिक दक्षता और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। इससे पहले वह सदर तहसीलदार के रूप में कार्य करते हुए एसडीएम सदर का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

 

पदभार ग्रहण करने के बाद ज्ञान प्रताप सिंह ने कहा कि न्यायिक मामलों के समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि तहसीलदार एवं तहसीलदार न्यायिक न्यायालय से आदेशित जिन मामलों में एसडीएम न्यायालय में अपील दायर होगी, उन सभी फाइलों को अधिकतम दो दिनों के भीतर अपर एसडीएम न्यायालय भेजा जाएगा, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

 

ज्ञान प्रताप सिंह जुलाई 2024 में गोरखपुर में तहसीलदार के रूप में नियुक्त हुए थे। उन्होंने सबसे पहले कैम्पियरगंज तहसील में अपनी सेवाएं दीं और बाद में सदर तहसील का कार्यभार संभाला। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शिता और जनसुनवाई को प्राथमिकता देकर अलग पहचान बनाई।

शासन ने 30 जून 2025 को उन्हें पदोन्नत कर उप जिलाधिकारी बनाया था और अयोध्या में तैनाती दी थी। हालांकि, जिले में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं और उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें गोरखपुर में ही कार्यरत रखा गया। पदोन्नति के बाद भी उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उनकी कार्यशैली जमीनी स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जानी जाती है।

उम्मीद जताई जा रही है कि सदर एसडीएम के रूप में उनके नेतृत्व में विरासत गलियारा, प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और अन्य विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।

Share this story