×

गोरखपुर में बिजली के खंभे में दौड़े करंट ने ली 19 वर्षीय छात्र की जान, मां बचाने दौड़ी लेकिन नहीं बच सकी जिंदगी

गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में बिजली के खंभे में करंट उतरने से 19 वर्षीय छात्र नितिन विश्वकर्मा की मौत हो गई। परिजनों ने उसे एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है।

गोरखपुर। जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के राघोपट्टी पड़री फैलहा टोला में एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नितिन विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो इंटरमीडिएट पास छात्र था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

दरवाजे पर निकला और करंट की चपेट में आ गया

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे नितिन घर से बाहर लघुशंका के लिए निकला था। अंधेरे के कारण उसे पास खड़े बिजली के खंभे का अंदाजा नहीं हुआ। जैसे ही उसका शरीर खंभे से छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और जोर-जोर से चीखने लगा।

मां ने बचाने की कोशिश की

बेटे की आवाज सुनकर उसकी मां मीना देवी दौड़कर मौके पर पहुंचीं और उसे बचाने का प्रयास किया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद कराकर नितिन को खंभे से अलग किया।

गंभीर हालत में उसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मपुर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया। एम्स में चिकित्सकों ने जांच के बाद नितिन को मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों ने बताया कि नितिन के पिता राजेश विश्वकर्मा का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई विशाल विश्वकर्मा हैं, जो महाराष्ट्र में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि यदि बिजली के खंभे में करंट दौड़ रहा था तो यह गंभीर लापरवाही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है और लोग बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।\

Share this story