टीनशेड के अतिक्रमण में फंसी सड़क, 10 मीटर सीसी निर्माण अधूरा, ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी
सहजनवा (गोरखपुर)। सहजनवा ब्लॉक की ग्राम सभा मुंडा कोड़रा में अंचियापार से भरवटिया तक बनने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण अतिक्रमण के कारण अधूरा रह गया है। सड़क के बीच में एक व्यक्ति की ओर से टीनशेड डालकर किए गए कब्जे के चलते लगभग 10 मीटर हिस्से में निर्माण नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
पूर्वांचल विकास निधि से इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति मिली थी। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विभाग ने सड़क का अधिकांश काम पूरा करा दिया, लेकिन टीनशेड के कारण बीच का करीब 10 मीटर हिस्सा छूट गया। सड़क के इस अधूरे हिस्से से स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कत हो रही है।
निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से शिकायत की। गांव में चकबंदी प्रक्रिया चलने के कारण चकबंदी विभाग से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई। शिकायत के बाद तहसील और चकबंदी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क की चौड़ाई की पैमाइश की।
चकबंदी लेखपाल रामजी यादव के अनुसार, दोनों विभागों की मौजूदगी में की गई पैमाइश में टीनशेड का कुछ हिस्सा सड़क की भूमि पर पाया गया है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
वहीं, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई सुबोध त्रिपाठी ने बताया कि टीनशेड के कारण सड़क का कुछ हिस्सा नहीं बन पाया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई है। अतिक्रमण हटने के बाद नियमानुसार शेष हिस्से में सीसी सड़क का निर्माण पूरा कराया जा सकेगा।
अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटाकर सड़क का बचा हुआ निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि पूरे मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सके।
