गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम भगौरा में शनिवार को अकेली मिली पांच वर्षीय बच्ची को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर उसके परिजनों तक पहुंचा दिया। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची की पहचान कर उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को ग्राम भगौरा में पांच वर्षीय बच्ची के अकेले मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना सहजनवां की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने बच्ची से बातचीत कर उसके घर और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर परिजनों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम की सक्रियता और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर करीब एक घंटे के भीतर बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया गया। इसके बाद आवश्यक पुष्टि करते हुए बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।
इस सराहनीय कार्रवाई में कांस्टेबल राहुल यादव, महिला कांस्टेबल आंचल चौहान और महिला कांस्टेबल रोली शामिल रहीं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में सफलता मिली।
