गोरखपुर में प्रदर्शनी कर्मचारियों के विवाद में युवक की मौत, चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में कोटही माता मंदिर के पास लगी प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे कहासुनी के बाद कर्मचारियों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खाना-पीना चल रहा था, तभी शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 5/6 सितंबर की रात प्रदर्शनी बंद होने के बाद वहां काम करने वाले कर्मचारी एक जगह बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान शिवम कौशल ने एक कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
सिटी अस्पताल से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर
घायल युवक को तत्काल सिटी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही खजनी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू की।
मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
मृतक के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर खजनी थाने में मु0अ0सं0 288/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मामले में आरोपी शिवम कौशल पुत्र नरेंद्र कुमार कौशल, निवासी गंगादरवाजा, थाना कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।
चाकू भी बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और घटना के वक्त मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
