गोवध मामले में गोला पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल, दो गिरफ्तार
गोरखपुर। गोवध के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी गोला पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम दक्षिणी को बड़ी सफलता मिली है। चीनी मिल मालहनपार रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, थाना गोला में गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा संख्या 345/26 में वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़े चार आरोपी दो मोटरसाइकिलों से क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चीनी मिल मालहनपार रोड पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अब्दुल रहमान उर्फ राजू के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरा आरोपी नूरूल हसन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल रहमान उर्फ राजू और नूरूल हसन पुत्र शान मोहम्मद, निवासी इमलीडीहखूर्द, थाना सिकरीगंज, गोरखपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक राणा प्रताप सिंह, सर्वेश कुमार सिंह, दीपक कुमार, इन्द्रजीत कुशवाहा, अजीत कुमार, अर्पित मिश्रा समेत गोला पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम के जवान शामिल रहे।
