राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बालिकाओं का दमदार प्रदर्शन
सहजनवां। मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में चल रही पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को बालिका वर्ग के मुकाबले रोमांचक रहे। प्रदेश के विभिन्न मंडलों से पहुंची 19 बालिका टीमों की खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
14 वर्ष आयु वर्ग में गोरखपुर की नीलू पाण्डेय और श्रृष्टि ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। मुरादाबाद की शिवानी ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ग में लखनऊ की सृष्टि और आगरा की निशा ने रजत, जबकि मिर्जापुर की इशिका कुमारी ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। कांस्य पदक में मुरादाबाद की दिव्यांशी रघुवंशी, विद्या तथा मिर्जापुर की इकरा खान ने स्थान बनाया।
17 वर्ष आयु वर्ग में भी बालिका खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वैष्णवी साहू, रिशिता, नव्या और कनक ने स्वर्ण पदक हासिल किया। परी, पायल, प्राची और दीपा ने रजत पदक, जबकि छवि और मुश्कान ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सहजनवां तहसीलदार चंद्र शेखर वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के संयोजक एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले संपन्न हो गए, जबकि 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले देर शाम तक जारी रहे। प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों और दर्शकों में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।
