×

घघसरा में 36 घंटे बाद लौटी बिजली, चेयरमैन की पहल से 200 घरों को मिली राहत

Ghaghsara power outage, Darua electricity issues, Prabhakar Dubey, Ghaghsara Nagar Panchayat, 11kV power line, Amar Singh Nagar electricity supply, 36-hour power cut.
 दरुआ में 11 हजार वोल्ट की लाइन में खराबी के बाद बाधित थी आपूर्ति, देर रात मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे

घघसरा। नगर पंचायत घघसरा के अमर सिंह नगर और दरुआ क्षेत्र में करीब 36 घंटे से बाधित बिजली आपूर्ति आखिरकार बहाल हो गई। बिजली न आने से करीब 200 घरों के लोग भीषण परेशानी से जूझ रहे थे। समस्या की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे देर रात मौके पर पहुंचे और विद्युत कर्मियों के साथ मौजूद रहकर लाइन जोड़ने का काम पूरा कराया। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के मुताबिक, दरुआ क्षेत्र में विद्युत लाइन के नीचे कुछ लोगों की ओर से मकान निर्माण कराया जा रहा था। रविवार रात करीब साढ़े सात बजे 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में खराबी आने के बाद घघसरा उपकेंद्र से जुड़े इलाके की बिजली गुल हो गई।

सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंची थी। हालांकि, आरोप है कि निर्माण कार्य करा रहे कुछ लोगों ने रात में विद्युत लाइन जोड़ने का विरोध किया। कर्मचारियों को सुबह काम करने की बात कहकर वापस लौटना पड़ा।

सोमवार सुबह विद्युत कर्मी दोबारा मौके पर पहुंचे तो स्थिति और जटिल मिली। बताया गया कि एक खंभे से दूसरे खंभे तक जाने वाले विद्युत तार को लपेटकर रखा गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने लाइन जोड़ने पहुंचे कर्मचारियों को फिर रोकने का प्रयास किया। इसके बाद जेई जयराम गुप्त की ओर से मामले में थाने में तहरीर दी गई।

इधर, लगातार करीब 36 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती गई। मामले की जानकारी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे को हुई तो वह देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर लाइन जोड़ने की कार्रवाई शुरू कराई और स्वयं भी मौके पर मौजूद रहे।

काफी प्रयास के बाद विद्युत लाइन को दोबारा जोड़कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली आने के बाद अमर सिंह नगर और दरुआ के लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने चेयरमैन प्रभाकर दुबे की पहल की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।

Share this story