घघसरा नगर पंचायत में मुख्यमंत्री योगी की माता को दी गई श्रद्धांजलि, शोक सभा में जुटे जनप्रतिनिधि
पाली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर मंगलवार को नगर पंचायत घघसरा कार्यालय में शोक सभा आयोजित की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे की अध्यक्षता में हुई सभा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

सभा में जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। उनके त्याग, तपस्या और संस्कार संतान को जीवनभर मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की माता के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएम सिंह ने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। इस कठिन समय में सभी की संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के साथ हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे ने कहा कि मां के जाने से जीवन में जो खालीपन पैदा होता है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और मुख्यमंत्री व उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही श्रद्धांजलि सभा में शामिल लोगों का आभार जताया।
विधानसभा प्रभारी जगदंबा श्रीवास्तव ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार जीवन की अनमोल धरोहर होते हैं। इस दुख की घड़ी में पूरा समाज मुख्यमंत्री के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम का संचालन त्रयंबक उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अमित नायक, विजय बहादुर सिंह, देवानंद शुक्ल, रवि सिंह सोलंकी, ध्रुवचंद्र गौण, विजय मिश्रा, राजू पाण्डेय, संतोष पाण्डेय, अशोक सिंह, दिलीप सैनी, राकेश, विनोद कुमार, सुरेन्द्र बर्मा और रामजनक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
