सरकारी स्कूलों और पंचायत भवनों में चोरी करने वाला गैंग गिरफ्तार, 9 आरोपी दबोचे गए
गोरखपुर। गोरखपुर के थाना पीपीगंज पुलिस ने सरकारी स्कूलों और पंचायत भवनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 3.10 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पूरे मामले का खुलासा पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह भी मौजूद रहे।
सरकारी भवनों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संगठित तरीके से सरकारी विद्यालयों, पंचायत भवनों और अन्य सरकारी संस्थानों को निशाना बनाते थे। आरोपी रात के समय सुनसान भवनों की रेकी करते थे और फिर दरवाजों की कुंडी काटकर अंदर घुस जाते थे।
इसके बाद गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, एलईडी टीवी और अन्य कीमती सामान चोरी कर बाजार में बेच देते थे।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें- रमेश उर्फ सूईत,अनिल, प्रवीण यादव, सन्नी गौड़, गंगा सागर मद्देशिया, गोपीचंद मद्देशिया, बाल मुकुन्द उर्फ मक्कू, यशपाल उर्फ मुन्ना यादव, शेषमणि निषाद शामिल हैं।
स्कूल और पंचायत भवन से हुई थी चोरी
जांच में सामने आया कि 8 अप्रैल 2026 को प्राथमिक विद्यालय ताललिखिया में चोरी की वारदात हुई थी। यहां से गैस सिलेंडर, चूल्हा, राशन सामग्री और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले लोहे के एंगल चोरी कर लिए गए थे।
इसके अलावा 22 मई 2026 को बैरघट्टा पंचायत भवन का ताला तोड़कर कंप्यूटर सेट और प्रिंटर चोरी किया गया था। दोनों मामलों में थाना पीपीगंज में मुकदमा दर्ज था।
लाखों का चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 गैस सिलेंडर, 4 एलईडी टीवी,1 एचपी मॉनिटर, 1 यूपीएस,1 प्रिंटर, कीबोर्ड और माउस,1 मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान थाना सहजनवां और कैम्पियरगंज क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से भी जुड़ा हुआ है, जिससे कई पुराने मामलों का खुलासा हुआ है।
पेशेवर तरीके से करते थे चोरी
पुलिस जांच में पता चला है कि गिरोह के कई सदस्यों के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इससे साफ है कि आरोपी पेशेवर तरीके से अपराध को अंजाम देते थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में थाना पीपीगंज में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग की गिरफ्तारी से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगेगा। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित साथियों की भी जांच कर रही है।
