×

आग से बचाव से लेकर सड़क सुरक्षा तक, एनसीसी कैडेट्स को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में अग्निशमन टीम ने किया लाइव डेमो, यातायात पुलिस ने बताए सड़क सुरक्षा के नियम

सहजनवां (गोरखपुर)। 44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गीडा, गोरखपुर में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-174) के चौथे दिन कैडेट्स को अग्नि सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों, अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल और सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में अग्निशमन टीम ने किया लाइव डेमो, यातायात पुलिस ने बताए सड़क सुरक्षा के नियम

शिविर के प्रथम व्याख्यान सत्र में गीडा फायर स्टेशन से पहुंचे अग्निशमन एएसआई भगवान सिंह, फायरमैन शैलेंद्र यादव एवं उनकी टीम ने कैडेट्स को आग से बचाव और अग्निशमन की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आग के अलग-अलग प्रकारों, उन्हें बुझाने के उचित तरीकों तथा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का लाइव डेमो प्रस्तुत कर कैडेट्स को आग बुझाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने आग लगने की स्थिति में तत्काल 101 नंबर पर सूचना देने की जानकारी दी।

द्वितीय व्याख्यान सत्र में टीआई अजीत कुमार पाण्डेय एवं उनकी टीम ने कैडेट्स को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर सतर्कता बरतने के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। थोड़ी सी सावधानी न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रख सकती है।

कार्यक्रम के समापन पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने प्रशिक्षण देने पहुंचे अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक, सतर्क और सक्षम बनाना रहा।

Share this story