×

गोरखपुर में पांच दिवसीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन, चार वर्गों में घोषित हुए विजेता

गोरखपुर में पांच दिवसीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन, चार वर्गों में घोषित हुए विजेता

गोरखपुर। खोराबार स्थित शटलैक्स बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित योनेक्स-सनराइज यूपी स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का रविवार को समापन हो गया। 21 से 25 अक्टूबर तक चली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 52 जिलों से पहुंचे करीब 450 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। बालक अंडर-15 वर्ग में मेरठ के आदित्य तोमर और अंडर-17 वर्ग में अयोध्या के दिव्यांश सिंह ने खिताब जीता। वहीं, बालिका अंडर-15 वर्ग में लखनऊ की अर्नवी पाठक और अंडर-17 वर्ग में नोएडा की अग्रिमा सिंह चैंपियन बनीं।

बालक अंडर-15 एकल वर्ग के फाइनल में आदित्य तोमर ने अलीगढ़ के अतीक को 14-16, 15-13, 15-13 से हराया। तीन गेम तक चले मुकाबले में आदित्य ने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी की और लगातार दो गेम जीतकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालक एकल वर्ग में दिव्यांश सिंह ने नोएडा के सार्थक सोम को 15-7, 4-15, 15-13 से पराजित किया। दिव्यांश ने पहला गेम जीतने के बाद दूसरा गेम गंवाया, लेकिन निर्णायक गेम में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

बालिका अंडर-15 एकल वर्ग के फाइनल में लखनऊ की अर्नवी पाठक ने कानपुर की सांग्विका गुप्ता को 15-5, 15-10 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में नोएडा की अग्रिमा सिंह ने वन्या चौधरी को 15-7, 15-2 से शिकस्त दी। दोनों खिलाड़ियों ने सीधे गेमों में जीत हासिल कर खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 21 अक्टूबर को सांसद रवि किशन ने किया था। आयोजन समिति के अध्यक्ष सूरज भट्ट और सचिव अनन्तदीप मिश्रा के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। पांच दिनों तक चले मुकाबलों के बाद रविवार को फाइनल मैचों के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।

समापन समारोह में नगर विधायक (ग्रामीण) विपिन सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ला और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान कुल एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की गई। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर देती हैं।

समारोह में आरपीएम एकेडमी के चेयरमैन अजय शाही, सेंट ज्यूड्स स्कूल के डायरेक्टर शरीन सीरील, डिवीजनल कमिश्नर (मनरेगा) रघुनाथ सिंह, एसडीएम सदर ज्ञान सिंह, बीडीओ खोराबार आसिफ एकलाक, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव राजीत श्रीवास्तव, मुख्य निर्णायक संजय कुमार श्रीवास्तव सहित खेल और प्रशासन से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन में अंपायर समर्थ राय, सत्येन्द्र उपाध्याय, अभिषेक पटेल और पंकज पाण्डेय ने भूमिका निभाई। पुरस्कार वितरण और खिलाड़ियों के सम्मान के साथ पांच दिवसीय चैंपियनशिप का समापन हुआ।

Share this story