×

खलिहान की जमीन पर पक्का कब्जा, राजस्व जांच में अतिक्रमण की पुष्टि

g

गोरखपुर/खजनी। खजनी तहसील क्षेत्र के ग्राम पचौरी में खलिहान की सरकारी भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया है। राजस्व विभाग की जांच में खलिहान की भूमि के 0.006 हेक्टेयर हिस्से पर पक्की दीवार बनाकर कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई है।

राजस्व विभाग ने संबंधित व्यक्ति को कब्जा हटाने के लिए एक माह का समय दिया है। तय अवधि में कब्जा नहीं हटाने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ग्राम पचौरी निवासी विवेक कुमार ने 10 जून 2026 को एसडीएम खजनी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम सभा की खलिहान भूमि गाटा संख्या 355, रकबा 0.316 हेक्टेयर से कब्जा हटाने की मांग की थी।

शिकायत में राजेन्द्र प्रसाद यादव पर मकान और पक्की दीवार के जरिए खलिहान की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा था कि इससे समीप स्थित सरकारी पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रभावित हो रहा है।

शिकायत के बाद तहसील प्रशासन के निर्देश पर राजस्व टीम ने मौके की जांच की। जांच आख्या में खलिहान की भूमि के 0.006 हेक्टेयर क्षेत्र में पक्की दीवार बनाकर कब्जा किए जाने की पुष्टि की गई। वहीं, इसके समीप स्थित आराजी संख्या 356 को शिकायतकर्ता की भूमिधरी भूमि बताया गया है। राजस्व टीम ने शिकायतकर्ता को अपनी भूमि का सीमांकन कराने की सलाह भी दी है।

मामले में अब प्रशासन की ओर से कब्जा हटाने की कार्रवाई का इंतजार है। खजनी के उपजिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व टीम को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया गया है। प्रशासन ने निर्धारित अवधि में कब्जा हटाने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story