×

18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले हर युवा का मतदाता सूची में जुड़े नाम: डीएम

18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले हर युवा का मतदाता सूची में जुड़े नाम: डीएम

गोरखपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही, पहले किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को भी अभियान के दौरान अवसर उपलब्ध कराया जाए।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। पात्र युवाओं की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 17 और 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। बीएलओ केंद्रों पर मौजूद रहकर नए मतदाताओं के आवेदन भरवाने, मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने और नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। पहले से छूटे पात्र मतदाताओं के आवेदन भी प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि आवेदन भरवाने के बाद उनकी फीडिंग में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टियां तत्काल दर्ज कराई जाएं, ताकि कोई आवेदन लंबित न रहे। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की नियमित निगरानी करने और बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके लिए मतदान केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए और आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि पात्र युवाओं के साथ-साथ पहले से छूटे हुए नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा सहित नौ विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ पवन कुमार जायसवाल, सुदीप तिवारी, आलोक सिंह, मनीष कुमार, नमन मेहता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, ज्ञान प्रताप सिंह, रवि कुमार सिंह और ध्रुवेश सिंह उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए विशेष शिविरों को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि पात्र युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए सक्रियता से काम किया जाए तथा आवेदन प्राप्त होने के बाद उनकी फीडिंग तत्काल सुनिश्चित की जाए।

Share this story