मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नहीं थमा विवाद, पीड़ित परिवार ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के रायगंज बाजार निवासी कु. सोनम ने मंगलवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में विपक्षी पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की मांग की। उनका आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है तथा घर में तोड़फोड़ कर परिवार को दहशत में रखा जा रहा है।
कु. सोनम ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को उनके सगे चाचा की तहरीर पर थाना खोराबार में विपक्षीगण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। उनका आरोप है कि घटना के दौरान जब उनके माता-पिता बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके पिता का पैर टूट गया, जबकि उनकी माता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ और उनकी दो बहनों के साथ मारपीट की गई तथा अभद्रता करते हुए कपड़े फाड़ दिए गए।
पीड़िता के अनुसार घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 102 एंबुलेंस की सहायता से एम्स, कुड़ाघाट में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
कु. सोनम ने बताया कि उपचार के बाद 27 जुलाई की सुबह जब वह अपने चाचा के साथ घर पहुंचीं तो देखा कि उपजिलाधिकारी के आदेश पर 10 जुलाई 2026 को राजस्व विभाग द्वारा कराया गया भूमि सीमांकन विपक्षी पक्ष ने उखाड़ दिया है। साथ ही उनकी दीवार और टीनशेड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उनका कहना है कि आरोपी उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है।
पीड़िता ने प्रशासन से मांग की कि राजस्व विभाग द्वारा कराए गए सीमांकन को पुनः स्थापित कराया जाए तथा पुलिस और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में सीमांकन के पत्थरों को दोबारा लगवाया जाए। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा प्रेसवार्ता में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। मामले में संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
