×

चार साल से लंबित मांगों पर भड़के कर्मचारी, हड़ताल से ग्रामीण रोजगार अभियान की रफ्तार थमी

चार साल से लंबित मांगों पर भड़के कर्मचारी, हड़ताल से ग्रामीण रोजगार अभियान की रफ्तार थमी

गोरखपुर(सहजनवां)। ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे विशेष रोजगार सृजन सप्ताह पर कर्मचारियों की हड़ताल का असर दिखाई देने लगा है। सहजनवां विकासखंड में जहां 2500 से अधिक मजदूरों ने काम की मांग की थी, वहीं इसके सापेक्ष महज 10 से 50 मजदूरों को ही काम मिल पा रहा है। ऐसे में सरकार के रोजगार उपलब्ध कराने के अभियान की रफ्तार प्रभावित होती नजर आ रही है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से विकसित भारत-गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी रामजी योजना के तहत 22 से 30 नवंबर 2026 तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराना था। हालांकि, योजना के क्रियान्वयन से जुड़े कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल के चलते अभियान अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है।

बताया जा रहा है कि वीबी-जी रामजी योजना के कर्मचारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 17 नवंबर 2026 से कलमबंद हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले चार वर्षों से मानदेय वृद्धि, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और एचआर पॉलिसी लागू करने सहित कई मांगें उठा रहे हैं। इस संबंध में शासन स्तर पर कई बार सहमति भी बनी, लेकिन अब तक मांगों को लेकर शासनादेश जारी नहीं किया गया।

चार साल से लंबित मांगों पर भड़के कर्मचारी, हड़ताल से ग्रामीण रोजगार अभियान की रफ्तार थमी

कर्मचारियों के मुताबिक, जुलाई 2026 में हुए आंदोलन के दौरान शासन ने उनकी मांगों पर सहमति जताते हुए सितंबर 2026 तक शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया था। निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी मांगें पूरी नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी।

फिलहाल कर्मचारियों के आंदोलन और रोजगार सृजन सप्ताह के एक साथ पड़ने से ग्रामीण मजदूरों को काम उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अब निगाहें शासन के अगले फैसले पर टिकी हैं कि कर्मचारियों की मांगों पर कब तक निर्णय लिया जाता है और रोजगार अभियान को गति देने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Share this story