मौर्य समाज की एकजुटता और सामाजिक न्याय पर जोर, PDA जन पंचायत में उठे अधिकार व भागीदारी के मुद्दे
सहजनवां। विधानसभा क्षेत्र-324 सहजनवां के कटघर चौराहा स्थित सरस्वती मैरेज लॉन में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से PDA जन पंचायत संवाद आयोजित किया गया। सम्मेलन में मौर्य समाज की एकजुटता, सामाजिक भागीदारी, अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों से जुड़े सवाल भी प्रमुखता से उठाए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता राम सूरत मौर्य ने की। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अभिनाश कुशवाहा ने मौर्य समाज सहित पिछड़े वर्गों से संगठन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए समाज की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
अभिनाश कुशवाहा ने प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच संवाद स्थापित करने तथा पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों को गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने की अपील की।
किसानों की समस्याओं को लेकर भी उठी आवाज
सहजनवां के पूर्व विधायक यशपाल सिंह रावत ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी के लिए खाद और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समय पर उपलब्धता जरूरी है। खाद मिलने में देरी और बिजली की समस्याओं से किसानों की परेशानी बढ़ती है। उन्होंने किसानों की समस्याओं को लगातार उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन समय से उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं को समझने की अपील की।
सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व पर चर्चा
सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने पिछड़े और दलित वर्गों से जुड़े आरक्षण एवं सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाए। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव ने युवाओं के रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विषयों पर बात रखी। जिला महासचिव रामनाथ यादव ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की अपील की।
पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव मुरारी लाल मौर्य ने मौर्य समाज सहित पिछड़े और वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारों के लिए संगठित होने की बात कही। उन्होंने सामाजिक भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर समाज की एकजुटता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को बाबा साहब वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मास्टर दुर्गेश कुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष गिरीश यादव, रामरक्षा मौर्य, घनश्याम राव और बृजनाथ मौर्य सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के आयोजक एवं सपा जिला उपाध्यक्ष दूधनाथ मौर्य ने उपस्थित लोगों का आभार जताया।
इस दौरान ताज मोहम्मद उर्फ मजनू भाई, संतोष मौर्य, रामअजोर मौर्य, विश्वनाथ मौर्य, त्रिलोकी मौर्य, रामसजीवन मौर्य, प्रेमचंद्र यादव, अवनीश मौर्य, वेद प्रकाश मौर्य, राजू यादव, उपेंद्र कुमार, ब्रह्मदेव यादव, विश्राम मौर्य, दीपचंद मौर्य, धर्मेंद्र मौर्य, रवि निषाद और राम अजोर मौर्य सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
