×

शिक्षक हितों की बुलंद आवाज बनेंगे डॉ. संजयन त्रिपाठी : ब्रजेश गौतम

शिक्षक हितों की बुलंद आवाज बनेंगे डॉ. संजयन त्रिपाठी : ब्रजेश गौतम

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और सेवा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए विधान परिषद में उनकी आवाज पहुंचना जरूरी है। डॉ. संजयन त्रिपाठी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रतिबद्ध हैं। बृजेश गौतम गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

ब्रजेश  गौतम ने शिक्षक मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव है। शिक्षकों को सम्मान, सुरक्षित सेवा शर्तें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। विधान परिषद में शिक्षक हितों की आवाज बुलंद करने के लिए ऐसे प्रतिनिधि की जरूरत है, जो शिक्षकों की समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करे।

उन्होंने कहा कि डॉ. संजयन त्रिपाठी ने शिक्षकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण संकल्प सामने रखे हैं। इनमें पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली के लिए निरंतर और प्रभावी संघर्ष प्रमुख है। इसके साथ ही सहायता प्राप्त, राजकीय, अशासकीय, वित्तविहीन और तदर्थ शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई गई है। शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, स्थानांतरण, वेतन विसंगतियों और लंबे समय से लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराने का प्रयास भी उनके संकल्पों में शामिल है।

ब्रजेश गौतम ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों के सम्मान, स्वाभिमान तथा अधिकारों की रक्षा करना समय की जरूरत है। डॉ. संजयन त्रिपाठी ने संकल्प लिया है कि विधान परिषद में पहुंचने पर वह शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे। शिक्षकों के साथ होने वाले अनावश्यक उत्पीड़न और प्रशासनिक शोषण का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। शिक्षकों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए नियमित संवाद एवं समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए विद्यालयों में जरूरी संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में शिक्षकों के हितों और शिक्षा की गुणवत्ता के बीच संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है। डॉ. संजयन त्रिपाठी ने शिक्षकों के चिकित्सा संबंधी मामलों, सामाजिक सुरक्षा और पारिवारिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प लिया है।

ब्रजेश गौतम ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और देश के भविष्य का निर्माण भी करते हैं। इसलिए उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षित भविष्य की अनदेखी नहीं की जा सकती। शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक मतदाता डॉ. संजयन त्रिपाठी के संकल्पों और उनके पक्ष में उठाई गई आवाज को ध्यान में रखते हुए समर्थन देंगे।

उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान के दौरान वरीयता क्रम में डॉ. संजयन त्रिपाठी को मत देकर भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि यह मतदान शिक्षक सम्मान को मजबूत करने, अधिकारों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर है। समाजवादी पार्टी शिक्षकों के हितों और अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

प्रेस वार्ता के माध्यम से ब्रजेश गौतम ने शिक्षक समाज से एकजुट होकर डॉ. संजयन त्रिपाठी के समर्थन में मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा, सेवा सुरक्षा और पुरानी पेंशन की बहाली जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व आवश्यक है।

Share this story