×

शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को डीएम ने परखा

शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को डीएम ने परखा

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल, प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। मतदान से पहले सभी तैयारियों का परीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने मतपेटियों की स्थिति, सीलिंग व्यवस्था और निर्वाचन सामग्री की जांच पहले ही पूरी कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मतदान कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, माइक्रो आब्जर्वर, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती, यातायात एवं रूट चार्ट की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। डीएम ने मतदान कार्मिकों और निर्वाचन अधिकारियों के आवागमन के लिए व्यवस्थित रूट चार्ट तैयार करने को कहा।

नामांकन एवं मतगणना स्थल पर टेंटेज, प्रकाश, ध्वनि, बैरीकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन की तैयारियों को लेकर भी निर्देश दिए गए। वीडियोग्राफी, सीसीटीवी और वेबकास्टिंग की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा निर्वाचन गतिविधियों की आवश्यक रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीएम ने आदर्श चुनाव आचार संहिता, कानून-व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया। साथ ही मतपत्र एवं डाक मतपत्र की पैकेटिंग व वितरण, निर्वाचक नामावली की प्रतियां, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता और निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, शौचालय समेत आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। इसके अलावा 24 घंटे कंट्रोल रूम के संचालन और सूचनाओं को लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों की लगातार समीक्षा करते रहें। मतदान से पहले सभी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण कर छोटी से छोटी कमी को भी तत्काल दूर कराया जाए, ताकि मतदान से लेकर मतगणना तक निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/अपर जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश झा, नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव समेत निर्वाचन कार्यों से जुड़े सभी नोडल, प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story