×

सहजनवा तहसील दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

सहजनवा तहसील दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

गोरखपुर। सहजनवा तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, रास्ते, कब्जे, पारिवारिक विवाद, पुलिस, विद्युत, विकास और नगर निकाय समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर फरियादी पहुंचे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण किया जाए। जिन मामलों का मौके पर निस्तारण संभव है, उनमें तत्काल कार्रवाई की जाए, जबकि स्थलीय जांच वाले मामलों में अधिकारी मौके पर जाकर निर्धारित समय सीमा में आख्या प्रस्तुत करें।

डीएम ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि फरियादियों को प्रभावी राहत उपलब्ध कराना है। राजस्व संबंधी मामलों में संबंधित पक्षों की मौजूदगी में निष्पक्ष जांच कराने और भूमि विवाद के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि एवं आपसी विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही शिकायतकर्ता की बात सुनकर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने और किसी भी पक्ष के साथ अनावश्यक भेदभाव न करने को कहा।

अधिकारियों ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके। फरियादियों को उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया गया।

इस दौरान सहजनवा के उपजिलाधिकारी नमन मेहता समेत विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story