गोरखपुर में दीपावली मेले की रौनक, कई शहरों की महिला उद्यमी लेकर आएंगी अपने उत्पाद
गोरखपुर। दीपावली के अवसर पर खरीदारी के साथ महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इनरव्हील क्लब गोरखपुर की ओर से 27 अक्टूबर को ‘मधुरम्’ दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा। सिविल लाइंस स्थित लाज निपाल लॉन में सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक आयोजित होने वाले इस मेले में विभिन्न शहरों की महिला उद्यमी अपने उत्पादों के साथ हिस्सा लेंगी। मेले में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
मेले में टेराकोटा और मिट्टी से बने उत्पादों, हस्तनिर्मित वस्तुओं, पापड़, नमकीन, अचार, कपड़ों, आभूषणों और घरेलू सजावट के सामानों की दुकानें लगाई जाएंगी। इसके अलावा आगरा का प्रसिद्ध पेठा और विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी उपलब्ध रहेंगे। गोरखपुर के अलावा प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ और आगरा की महिला दुकानदार भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी।
इनरव्हील क्लब गोरखपुर पिछले करीब 30 वर्षों से दीपावली के अवसर पर इस मेले का आयोजन करता आ रहा है। क्लब का उद्देश्य महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों के प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। मेले के माध्यम से महिला उद्यमियों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
मेले से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग महिलाओं और छात्राओं के उत्थान तथा जरूरतमंद बच्चों की सहायता सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में किया जाता है। क्लब की ओर से कई विद्यालयों को ‘हैप्पी स्कूल’ के रूप में विकसित किया गया है। इसके साथ ही मंदबुद्धि बाल संस्थान और स्पर्श दृष्टिबाधित स्कूल के बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते और मोजे उपलब्ध कराने जैसे कार्य भी किए जाते हैं। क्लब ने अपने शताब्दी वर्ष में शहर के विजय चौक पर ‘इनरव्हील क्लब स्तंभ’ का निर्माण भी कराया था।
आयोजकों के अनुसार, इस बार मेले में एक प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य भी पहुंचेंगे। दीपावली से संबंधित सजावटी वस्तुओं, आभूषणों, घरेलू उपयोग के सामान और खानपान की विविधता के कारण मेला शहरवासियों के लिए खरीदारी का आकर्षक केंद्र बनेगा।
मेले का उद्घाटन 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मंदबुद्धि बाल संस्थान के बच्चों और इनरव्हील क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन श्रीमती मधु कमानी द्वारा किया जाएगा। क्लब की अध्यक्ष श्रीमती सीमा भगत, मेला चेयरमैन श्रीमती पूर्वी नरायन पाण्डेय और सचिव श्रीमती परमप्रीत कौर ने संयुक्त रूप से इसकी जानकारी दी। उन्होंने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने और सामाजिक कार्यों में सहयोग देने की अपील की।
