गोरखपुर। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच शहर की जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को प्रमुख नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुमेर सागर से निकलकर इलाहीबाग होते हुए रोहिन नदी में मिलने वाले नाले की सफाई, पानी के बहाव और जलनिकासी की स्थिति को देखा।
मंडलायुक्त सावित्री हॉस्पिटल के सामने पुर्दिलपुर क्षेत्र में पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों से नाले की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने नाले के आसपास रहने वाले लोगों से भी बातचीत कर बारिश के दौरान जलभराव और नाले की स्थिति के बारे में फीडबैक लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले की नियमित सफाई होने से पानी का बहाव बना रहता है और बारिश के दौरान नाला भरने की समस्या नहीं हो रही है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बारिश के दौरान शहर के प्रमुख नालों और जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों में कूड़ा, सिल्ट या अन्य सामग्री जमा होने से पानी का बहाव बाधित नहीं होना चाहिए। जहां भी जलभराव की सूचना मिले, संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी सुनिश्चित करे।
उन्होंने सफाई के बाद निकली सिल्ट और कूड़े को भी तत्काल हटाने तथा जलनिकासी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने आसपास मौजूद बच्चों से बातचीत की और उन्हें टॉफी भी दी। इस दौरान महापौर डॉ. मंगलेंश श्रीवास्तव, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
