×

डीआईजी एस. चनप्पा ने रेंज कार्यालय पर किया ध्वजारोहण

डीआईजी एस. चनप्पा ने रेंज कार्यालय पर किया ध्वजारोहण

गोरखपुर। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को डीआईजी रेंज कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीआईजी एस. चनप्पा ने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी ने दोनों महापुरुषों के जीवन और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और आत्मबल की प्रेरणा देता है, जबकि लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके आदर्शों को अपने कार्यक्षेत्र में अपनाने का आह्वान किया।

डीआईजी ने कहा कि पुलिस सेवा सीधे आमजन से जुड़ी है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को सुनना और कानून के दायरे में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने पर जोर दिया।

इस दौरान डीआईजी ने रेंज कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों को उपहार भी वितरित किए। कार्यक्रम में कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Share this story