अमटौरा में भव्य भजन संध्या, नन्दू मिश्रा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
गोरखपुर, सहजनवां। नवरात्र के पावन अवसर पर बुधवार को अमटौरा ग्राम सभा स्थित मां दुर्गा मंदिर में ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर भव्य पूजन एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक नन्दू मिश्रा ने माता रानी सहित विभिन्न देवी-देवताओं के भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भजन संध्या के दौरान मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा। नन्दू मिश्रा की सुमधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। लोगों ने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर अपने परिवार और ग्राम सभा की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन रणविजय सिंह (बिजेन सिंह) के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर राणा सिंह, राणा आदित्य सिंह, राणा अखंड (रिशु सिंह), हर्षु सिंह, इलु सिंह और उज्ज्वल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
भजन संध्या के माध्यम से धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा। आयोजन ने ग्रामीणों को एक साथ जोड़ने के साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का भाव देखने को मिला।
