तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, डोहरिया कला तक गूंजा भारत माता का जयघोष
गोरखपुर (सहजनवा)। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और शहीदों के सम्मान का संदेश देते हुए बुधवार को सहजनवां क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। क्षेत्रीय महामंत्री एवं सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा पं. जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज से शुरू होकर शहीद स्मारक, डोहरिया कला तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए हजारों छात्र-छात्राओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा में पं. जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, शुभांश एकेडमी, बाबा अमृत दास इंटर कॉलेज, आर.बी. मेमोरियल एकेडमी और पी.एन. सेंट्रल एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की मौजूदगी से यात्रा का स्वरूप और भी भव्य हो गया।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप शुक्ल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना जागृत करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के योगदान से परिचित कराना आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रभक्ति और विकास की भावना को मजबूती मिल रही है। उन्होंने युवाओं से देशहित और समाजहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

शहीद स्मारक पर अर्पित की श्रद्धांजलि
तिरंगा यात्रा के शहीद स्मारक, डोहरिया कला पहुंचने पर विधायक प्रदीप शुक्ल सहित जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारत माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। हजारों लोगों की सहभागिता ने तिरंगा यात्रा को भव्य और यादगार बना दिया।
यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता राम जियावन मौर्य, जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल मौर्य, जिला मंत्री बलबीर यादव, ब्लॉक प्रमुख शशि प्रताप सिंह, चेयरमैन प्रभाकर दुबे, मनोज सिंह, वरिष्ठ व्यापारी कृष्ण मोहन कसौधन, मंडल अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, रविंद्र तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष रमेंद्र मिश्रा, राजू पांडेय, शिव प्रताप राज, मंडल महामंत्री विजय मिश्रा, राहुल सिंह, मंत्री अवनीश उर्फ रोशन सिंह, राजेश आर. त्रिपाठी, हरनाथ राज, अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
