एचएन सिंह चौराहे से गोरखनाथ मंदिर तक बन रहे फोरलेन का सीएम योगी ने किया निरीक्षण
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में एचएन सिंह चौराहे से हड़हवा फाटक रोड होते हुए जागेश्वर पासी चौराहा से गोरखनाथ मंदिर तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
करीब 4.230 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण पर 245.44 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति और निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और अब तक हुए कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह मार्ग एचएन सिंह चौराहे से हड़हवा फाटक रोड, जागेश्वर पासी चौराहा होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक जाता है। फोरलेन का निर्माण पूरा होने के बाद इस प्रमुख मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। गोरखनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना को तय समयसीमा में पूरा कराने के साथ निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। निर्माण के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
