×

महिला की शिकायत पर भड़के CM योगी, बोले...लेखपाल-कानूनगो-तहसीलदार को सस्पेंड करो

महिला की शिकायत पर भड़के CM योगी, बोले...लेखपाल-कानूनगो-तहसीलदार को सस्पेंड करो
गोरखपुर में महिला की शिकायत पर भड़के CM योगी, बोले...लेखपाल-कानूनगो-तहसीलदार को सस्पेंड करो...

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि विवाद और रास्ते से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है।

मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि दबंग उसे रास्ता नहीं दे रहे हैं और शिकायत करने पर धमकी दी जाती है। महिला की बात सुनकर सीएम योगी नाराज हो गए और अधिकारियों को तत्काल रास्ता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि महिला को हर हाल में रास्ता उपलब्ध कराया जाए। यदि लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार रास्ता दिलाने में असमर्थ हैं या मामले में लापरवाही बरत रहे हैं तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए।

सीएम योगी ने कहा कि जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

200 लोगों की सुनी समस्याएं

मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 200 लोगों से मिले। वह खुद एक-एक फरियादी के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।

लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र भी सौंपे।

सीएम योगी ने कई प्रार्थना पत्र खुद पढ़कर संबंधित समस्या की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

इलाज के लिए मदद मांगने पहुंचे लोग

जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने के बाद भी यदि किसी जरूरतमंद को इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता होती है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए परेशान न होना पड़े।

भूमि विवादों पर सख्त संदेश

महिला की शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की जमीन और रास्ते से जुड़ी शिकायतों का समय पर समाधान होना चाहिए।

शिकायतों को लंबित रखने या कार्रवाई में हीलाहवाली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story